राजनांदगांव: पंजीकृत स्वास्थ्य कर्मियों में से आधे ही “वैक्सीन” लगवाने के लिए आ रहे…

राजनांदगांव, 19 जनवरी। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए कल 20 जनवरी को भी शहर के चार केंदों में ही वैक्सीन लगेगी। प्रत्येक केंद्र में सौ स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। अभी तक टीकाकरण ने अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ा है। कुल पंजीकृत स्वास्थ्य कर्मियों में से आधे ही वैक्सीन लगवाने के लिए आ रहे हैं। शासन की ओर से भी अभी चार केंद्रों में ही टीकाकरण के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisements

गौरतलब है कि गत 16 जनवरी से पूरे देश सहित जिले में भी टीकाकरण अभियान का आगाज किया गया है। प्रथम चरण में स्वास्थ्य विभाग के अलावा कोरोना के फ्रंट लाईन वर्कर्स को टीका लगाया जा रहा है। ऐसे कर्मियों की कुल संख्या 14510 है। अभी तक जिले में टीकाकरण ने रफ्तार नहीं पकड़ा है। पहले दिन जिले के चार केंद्रों में 64 प्रतिशत अर्थात 251 तो दूसरे दिन 55 प्रतिशत अर्थात 218 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगवाया था।

लोगों में टीका लगाने में हिचक देखी जा रही है जबकि राजनांदगांव में कहीं भी टीके का प्रतिकूल असर नहीं देखा गया है। अभी जिले के चार केद्रों बसंतपुर हॉस्पिटल, पेंड्री मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में टौका लगाया जा रहा है। प्रत्येक केंद्र में सौ-सौ अर्थात कुल चार सौ लोगों को टीका लगाया जाना है।

अभी प्रदेश सहित जिले में सौरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जा रही है जबकि केंद्र सरकार ने एक अन्य पूर्णतः स्वदेशी भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को भी मंजूरी दी है। वैसे तो जिले में टीकाकरण के लिए कुल 64 केंद्र बनाए गए हैं जिनमें बसंतपुर हॉस्पिटल, पेंड्री मेडिकल कॉलज हास्पिटल के अलावा जिले के सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं लेकिन अभी शासन की गाइड लाईन के अनुसार चार केंद्रों में ही टीका लगाया जा रहा है।