
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी के निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र से स्पोर्ट्स हॉस्टल तक पहुंची प्रतिभाएं, पटरी पार में बढ़ा खेल उत्साह- क्षेत्र में खुशी की लहर
राजनांदगांव के पटरी पार क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए चलाए जा रहे निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण अभियान ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के मार्गदर्शन में रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन प्रतिष्ठित आवासीय खेल संस्थाओं में हुआ है।
चयनित खिलाड़ियों में मोनिष्का विश्वकर्मा का चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल रायपुर के लिए हुआ है, जबकि जान्हवी मेश्राम एवं गौरांग निषाद का चयन बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए हुआ है। तीनों खिलाड़ियों का चयन रायपुर एवं बिलासपुर में आयोजित चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं मेरिट के आधार पर किया गया।
पटरी पार क्षेत्र के बच्चों का हॉकी में सुनहरा भविष्य — फिरोज अंसारी
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के जॉइन्ट सेक्रेटरी फिरोज अंसारी ने कहा कि पटरी पार क्षेत्र में चल रहे निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण शिविर से बड़ी संख्या में बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ हॉकी, जिला हॉकी संघ राजनांदगांव एवं शहर के वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन से क्षेत्र में हॉकी खेल को नई पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों का चयन क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और आने वाले समय में पटरी पार क्षेत्र से कई और खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
इस उपलब्धि के साथ पटरी पार क्षेत्र के खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि उचित मार्गदर्शन, अनुशासन और बेहतर अवसर मिलने पर प्रतिभाएं किसी भी क्षेत्र से निकलकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।
खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, सफलता की राह होगी आसान
खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा निःशुल्क आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें प्रमुख रूप से निःशुल्क हॉस्टल सुविधा ,पौष्टिक डाइट एवं खेल पोषण व्यवस्था , खिलाड़ियों का इंश्योरेंस , आवश्यक खेल सामग्री एवं उपकरण , गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा , राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में एक्सपोजर, अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण आदि शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के एन आई एस कोच रश्मि एक्का, राकेश टोप्पो तथा ओलंपियन अजित लाकड़ा जैसे अनुभवी एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
इनके अनुभव से खिलाड़ियों को आधुनिक हॉकी की तकनीक, फिटनेस, रणनीति एवं उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जाएगा।
हॉकी के साथ अनुशासन और संस्कार भी सिखा रहे मृणाल चौबे, अंतर्राष्ट्रीय अनुभव से पटरी पार के बच्चों को मिल रही नई दिशा
अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं एनआईएस गोल्ड मेडलिस्ट हॉकी कोच मृणाल चौबे के मार्गदर्शन में इन खिलाड़ियों ने हॉकी खेल की प्रारंभिक एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त की। मृणाल चौबे ने अपने अंतर्राष्ट्रीय अनुभव, आधुनिक प्रशिक्षण तकनीक और खेल के प्रति समर्पण से पटरी पार क्षेत्र के बच्चों को एक नई दिशा प्रदान की है।
उनके मार्गदर्शन में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को हॉकी सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें अनुशासन, खेल भावना, स्वास्थ्य, शिक्षा और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना है।
चिखली स्कूल मैदान में चल रहे इस व्यापक अभियान के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों को मैदान से जोड़कर नशे से दूरी, स्वस्थ जीवन एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
खेलो इंडिया सेंटर एवं साई के प्रशिक्षकों का भी मिला मार्गदर्शन
चयनित खिलाड़ी मोनिष्का विश्वकर्मा राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में कोच अनुराज श्रीवास्तव एवं किशोर धीवर के मार्गदर्शन मे कांस्य पदक विजेता रही हैं और खेलो इंडिया लघु केंद्र राजनांदगांव की नियमित खिलाड़ी के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेलो इंडिया कोच शकील अहमद के मार्गदर्शन में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
वहीं जान्हवी मेश्राम भारतीय खेल प्राधिकरण के कोच परमजीत सिंह के मार्गदर्शन में अभ्यास कर चुकी हैं और राज्य स्तरीय पदक विजेता खिलाड़ी हैं।
गोलकीपर के रूप में चयनित गौरांग निषाद ने मात्र छह माह के नियमित अभ्यास से यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पटरी पार क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है।
इस अवसर पर पार्षद शिव वर्मा, सुनील साहू, अपूर्वा समीर श्रीवास्तव, श्रुति लोकेश जैन, सचिन तोरहाटे, ललित नायडू , वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी कुतबुद्दीन सोलंकी, नरेश डाकलिया , रमेश डाकलिया, शिवनारायण धकेता, नीलम जैन,भूषण साव,अजय झा ,कुमार स्वामी, प्रकाश शर्मा ,ज्ञानचंद जैन, अनूप श्रीवास्तव, मनीष गौतम, एन आई एस कोच अनुराज श्रीवास्तव,प्रिंस भाटिया, गुणवंत पटेल, महेंद्र ठाकुर, संजु पटेल,अब्दुल कादिर, दिग्विजय श्रीवास्तव, राजू रंगारी, योगेश दुवेदी, चंदन वैष्णव, सचिन खोबरगड़े, जावेद खान,अनीश रजा,आशीष सिंहा ,राजेश निर्मलकर, अभिनव मिश्रा, कृष्णा यादव, कुशल यादव,संतोष साहू, गोविंद यादव, हारून खान, दीपेश चौबे, रामदास यादव, दिलीप रावत,तौफीक अहमद, सुखदेव निर्मलकर, तरुण यादव सहित खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।









































