राजनांदगांव: स्कूल वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, चालकों को सुरक्षा नियमों का कराया गया पालन…

राजनांदगांव। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजनांदगांव यातायात पुलिस ने स्कूल वाहन चालकों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में संचालित किया गया।


अभियान के तहत शहर के नीरज पब्लिक स्कूल (पेण्ड्री), दिल्ली पब्लिक स्कूल, गुरुनानक स्कूल, वेसलियन स्कूल (हिन्दी एवं इंग्लिश माध्यम), नीरज बाजपेयी इंटरनेशनल स्कूल (बोरी), नीरज पैरेंट्स प्राइड स्कूल (बलदेव बाग), बाल भारती स्कूल, गुजराती स्कूल, गायत्री स्कूल, संस्कार सिटी स्कूल, अजीज पब्लिक स्कूल, युगांतर पब्लिक स्कूल, वाइडनर स्कूल एवं सरस्वती विद्या मंदिर में संचालित स्कूल बस, टेंपो, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित परिवहन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।


यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में नहीं बैठाने, वाहन के दरवाजों या बाहर बच्चों एवं उनके स्कूल बैग को लटकाकर वाहन नहीं चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की हिदायत दी। साथ ही वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस प्रमाण-पत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स एवं अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखने और बच्चों को सुरक्षित तरीके से वाहन में चढ़ाने-उतारने के निर्देश भी दिए गए।


यातायात पुलिस ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी वाहन चालकों से जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ वाहन संचालन करने तथा यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की गई।

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संचालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।