राजनांदगांव : पत्नि पर चाकु से हमला करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार…

पूर्व मे पत्नि से हो चुका था सामाजिक रूप से तालाक

राजनांदगांव। डोंगरगांव, – थाना डोंगरगांव पुलिस ने पत्नी पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी नेहरू टेकाम (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम बहूरनभेड़ी, थाना अंबागढ़ चौकी, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, अपनी पत्नी से सामाजिक रूप से तलाक हो जाने के बाद नाराज था और उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया।

घटना का विवरण
रिपोर्ट के अनुसार, 12 अगस्त को ग्राम अरसीटोला में आदिवासी सम्मेलन के कार्यक्रम में पीड़िता लकेश्वरी टेकाम अपनी भाभी के साथ शामिल हुई थी। कार्यक्रम समाप्ति के समय लगभग 6:30 बजे, आरोपी नेहरू टेकाम चाकू लेकर वहां पहुंचा और तलाक देने की बात पर गाली-गलौज करते हुए लकेश्वरी पर हमला कर दिया। उसने पीड़िता को पकड़कर जमीन पर गिराया और जान से मारने की नीयत से 5–6 बार चाकू से वार किए।

हमले में पीड़िता के दाहिने पैर, बाईं कलाई, बाईं पसली, बाईं जांघ और गले में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से उसे बचाया, अन्यथा उसकी मौत हो सकती थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया।

कानूनी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 253/2025, धारा 296, 351(2), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस टीम की सराहना
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डोंगरगांव जितेंद्र वर्मा, उपनिरीक्षक विरेंद्र कुमार मनहर और आरक्षक धमेंद्र मांडले की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी सराहना की गई।