
डोंगरगढ़ (राजनांदगांव)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल के नेतृत्व में लगातार अवैध गतिविधियों, शराब कोचियों, सटोरियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 25 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिपरिया रोड स्थित शनि मंदिर के पास, ग्राम मुरमुंदा में एक युवक अवैध रूप से गांजा बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी का नाम हिमांशु कुमार बघेल (23 वर्ष), निवासी ग्राम मुरमुंदा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक पॉलिथीन में लगभग 0.111 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 500 रुपये), नगदी बिक्री रकम 2,100 रुपये तथा एक मोटर सायकल सुजुकी जिक्सर (कीमत लगभग 60,000 रुपये) जप्त की गई। कुल जप्ती मूल्य 62,600 रुपये आंका गया है।
आरोपी के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, सहायक उपनिरीक्षक तुलाराम बांक, आरक्षक युगेंद्र देशमुख, राम खिलावन सिन्हा एवं किशन कुमार का विशेष योगदान रहा।
डोंगरगढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर बड़ी घटनाओं को रोका जा सके।










































