राजनांदगांव : पी.एम. स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री मोदी ने किया संबोधन…

नगर निगम सभागृह में स्ट्रीट वेंडरो के लिये हुआ सीधा प्रसारण

Advertisements

राजनांदगांव 14 मार्च। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी के आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें प्रधानमंत्री जी ने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को संबोधित किया।

जिसका सीधा प्रसारण आज संध्या 5 बजे नगर निगम के सभागृह में किया गया, जहॉ नेता प्रतिपक्ष श्री किशुन यदु सहित पार्षदों सर्वश्री शिव वर्मा, टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, सुश्री मणीभास्कर गुप्ता, राजेश जैन रानू, पार्षद प्रतिनिधि श्री आशीष डोंगरे व श्री अरूण दामले तथा सामुदायिक संगठकों व निगम सीमाक्षेत्र के स्ट्रीट वेंडरों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम को देखा।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम के दौरान दिल्ली मेट्रो के चरण 4 के दो अतिरिक्त कॉरिडोर की आधारशिला रखी। इसके साथ ही एक लाख स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पीएम स्वनिधि महोत्सव उन लोगों को समर्पित है,

जिनके बिना हम अपने दैनिक जीवन की कल्पना नहीं कर सकते। कोरोना के समय में हर किसी को एहसास हुआ कि रेहड़ी-पटरी वालों की ताकत क्या होती है। उन्हांेने कहा कि रेहड़ी-पटरी वाले साथियों के ठेले, दुकान भले छोटे हों, लेकिन इनके सपने बड़े होते हैं। अभी तक देश के 62 लाख लाभार्थियों को लगभग 11 हजार करोड़ रुपए मिल चुके हैं और अब तक का मेरा अनुभव है कि समय पर वो पैसे भी लौटाते हैं।

मुझे खुशी है कि पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों में आधे से अधिक हमारी माताएं-बहनें हैं। स्वनिधि योजना की वजह से रेहड़ी-फुटपाथ-ठेले पर काम करने वालों की कमाई बढ़ गई है। खरीद-बिक्री का डिजिटल रिकॉर्ड होने की वजह से अब बैंकों से मदद मिलने में भी आसानी हो गई है। बैंक उन्हें प्रथम चरण में 10 हजार रूपये का ऋण देता है, जिसे चुकाने पर 20 हजार तथा 50 हजार तक ऋण प्रदान करता है, जिससे वे अपना छोटा मोटा व्यवसाय करते है।

पीएम स्वनिधि योजना मोदी की ऐसी ही गारंटी है, जो आज रेहड़ी-पटरी, ठेले और ऐसे छोटे-छोटे काम करने वाले लाखों परिवारों की संबल बनी है। मोदी ने तय किया कि बैंकों से सस्ता लोन मिले और मोदी की गारंटी पर मिले।
कार्यक्रम में निगम पदाधिकारियों सहित अधिकारी व स्ट्रीट वेंडर लाभार्थियो ने उपस्थित होकर प्रधानमंत्री माननीय मोदी जी के संबोधन को देखे व सुने।