राजनांदगांव : पी-4 सद्भावना रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ आज ,पुलिस जवान शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि…


आयोजन को दो दिन रखा गया स्थगित

राजनांदगांव। प्रशासन, पुलिस, प्रेस, पब्लिक के द्वारा आयोजित होने वाली सद्भावना क्रिकेट लीग प्रतियोगिता संस्कारधानी व खेलनगरी में 20 फरवरी से आयोजित होने वाली स्पर्धा बोरतलाव में पुलिस जवानों के शहीद होने के चलते दो दिन स्थगित करते हुए अब आज 22 फरवरी से 1 मार्च तक खेली जाएगी।

प्रतियोगिता का शुभारंभ संध्या 6 बजे कमला कालेज मैदान में सम्मानिय अतिथियों की उपस्थिति में आयोजित होगा। प्रतियोगिता अपने नियमों व खिलाड़ियों के साथ ही आम नागरिकों में भी सद्भावना बने रहे इसी उद्देश्य को लेकर प्रारंभ की जा रही है।


पी-4 आयोजन समिति के द्वारा तीसरे वर्ष आयोजित होने वाले यह आयोजन पूर्व में 20 फरवरी से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाला था, लेकिन कल प्रात: जिले के बोरतलाव में घटित घटना में आरक्षक राजेश सिंह राजपूत डोंगरगढ़ और ललित कुमार दंतेवाड़ा के शहीद होने के कारण आयोजन समिति ने तत्काल निर्णय लेते हुए इन जवानों को आयोजन समिति की ओर से दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि देते हुए क्रिकेट प्रतियोगिता को दो दिन के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया।

श्रद्धांजलि सभा में आयोजन समिति के सचिव व आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक अमीत पटेल, एडीजे श्री थामस एक्का, श्री चन्द्रकुमार कश्यप, श्री अभिषेक शर्मा, श्री दीपक गुप्ता, सीजेएम श्री दिग्विजय सिंह, जेएनएफसी श्री भूपत साहू, श्री सर्वविजय अग्रवाल, श्री देवेन्द्र दीक्षित,

ई जिला प्रबंधक सौरभ मिश्रा, प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि, संदीप साहू, कमलेश सिमनकर, क्रिकेट संघ के सचिव योगेश बागड़ी, संजय सिंगी, भावेश बैद, गणेश प्रसाद शर्मा, मनोज चौधरी, ललित भंसाली, अनिश राठौर, एनी माखिजा, नगर निगम के संजय तिवारी, शरद श्रीवास्तव, लाल मुनई सिंह, विपीन ठाकुर, महेन्द्र सोनी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।

प्रतियोगिता में लीग राऊंड में प्रतिदिन संध्या 6 बजे से 4 मैच लगातार खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ दिवस उद्घाटन मैच पुलिस इलेवन एवं नागरिक इलेवन सी के मध्य संध्या 6 बजे से, दूसरा मैच 7 बजे से प्रशासन इलेवन विरुद्ध पार्षद इलेवन के मध्य, तीसरा मैच रात्रि 8 बजे से जिला पंचायत विरुद्ध नागरिक इलेवन सी के मध्य, चौथा मैच रात्रि 9 बजे से नागरिक इलेवन ए विरुद्ध पार्षद इलेवन के मध्य खेला जाएगा। लीग राऊंड के मैच 8-8 ओवर के होंगे ।