
राजनांदगांव। वर्ष 2025 में राजनांदगांव पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम हेतु लगातार और प्रभावी कार्यवाही की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में जिले में पंजीबद्ध अपराधों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, जिससे जिले की कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।

इसी क्रम में जिला राजनांदगांव में 01 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2025 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया गया। इस दौरान 27 जनवरी 2025 को दोपहर 12 बजे ‘नवा बिहान’ कार्यक्रम के तहत जिले के 119 स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न संस्थानों में एक साथ यातायात, साइबर अपराध एवं नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान में पुलिस अधिकारियों, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान के दौरान 20,497 छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा तथा नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही यातायात नियमों के पालन हेतु 7,623 शपथ पत्र भरवाए गए।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान राजनांदगांव पुलिस द्वारा 2,500 निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए तथा 6,000 स्कूली बच्चों को जागरूकता पाम्पलेट वितरित किए गए। एक साथ, एक समय पर एक जिले में 20,497 लोगों को जागरूक करने की इस अभूतपूर्व पहल को “गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स” में दर्ज किया गया है।
‘नवा बिहान’ अभियान के सफल आयोजन पर राजनांदगांव पुलिस को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है और पुलिस की जनहितकारी एवं जागरूकता आधारित कार्यशैली को दर्शाती है।









































