राजनांदगांव: पैतृक संपत्ति बेचने के विवाद में युवक गिरफ्तार, माता-पिता से करता था शराब के लिए पैसों की मांग…

राजनांदगांव।पैतृक संपत्ति बेचने के नाम पर अपने ही माता-पिता से विवाद और फसाद करने वाले युवक के विरुद्ध गैंदाटोला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Advertisements


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 23 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव श्री दिलीप सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में थाना गैंदाटोला क्षेत्र में शराब, जुआ एवं अन्य असंवैधानिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी की जा रही थी।


इसी दौरान ग्राम छुरियाडोंगरी से प्राप्त शिकायत पर पुलिस ने संज्ञान लिया। जांच में पाया गया कि आरोपी युवक अपने ही माता-पिता से पैतृक जमीन बेचने की बात कहकर शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर रहा था। माता-पिता द्वारा मना किए जाने पर आरोपी शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौच एवं वाद-विवाद करता था, जिससे संज्ञेय अपराध घटित होने एवं अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक श्री कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी भूषण यादव पिता शंकरलाल यादव (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम छुरियाडोंगरी, थाना गैंदाटोला, जिला राजनांदगांव को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।

आरोपी के विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत इश्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस द्वारा बताया गया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।