राजनांदगांव : प्रधानमंत्री आवास योजना लेकर आया श्वेता के जीवन में नई उम्मीद और सुरक्षा…

– श्रीमती श्वेता ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद

Advertisements
राजनांदगांव 27 मई 2025।  प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से आज एक और परिवार का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ। डोंगरगढ़ विकासखंड के दूरस्थ वनांचल ग्राम बोरतलाव निवासी श्री रतन सिंह को योजना के अंतर्गत नवनिर्मित पक्का आवास मिला। गृह प्रवेश के अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने श्री रतन सिंह की पत्नी श्रीमती श्वेता बाई को नवनिर्मित घर में रिबन काटकर घर में प्रवेश कराया।

 श्रीमती श्वेता बाई नया घर मिलने पर बहुत प्रसन्नचित दिखी। श्रीमती श्वेता ने अपने गृह प्रवेश के अवसर पर आम पत्ते का तोरण और बैलून तथा अपने दरवाजे के दोनों तरफ केले के पत्ते से  साज-सज्जा की थी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों को अपने बीच पाकर श्रीमती श्वेता ने बहुत खुशी जाहिर की। जनप्रतिनिधियों ने श्रीमती श्वेता बाई को नया पक्का मकान मिलने पर हार्दिक बधाई दी और उनके सुखमय जीवन की कामना की। 

श्रीमती श्वेता ने बताया कि पक्के घर के साथ शौचालय भी बना है। उन्होंने कहा कि पक्का घर और शौचालय बनने पर चिंता से मुक्ति मिल गई है। श्रीमती श्वेता ने बताया कि वे स्वयं और उनके पति श्री रतन सिंह मजदूरी का कार्य करते हैं। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका एक पक्का घर बन पाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से यह सोच हकीकत में बदल गई और एक सपना पूरा हो गया। 

इसके साथ ही पक्का शौचालय बनने से बहुत अच्छा हो गया। अब वे दोनों मजदूरी कार्य भी बिना चिंता से कर पा रहे हैं। श्रीमती श्वेता बताती है कि उनका घर पहले खपरैल वाला कच्चे का था। जिससे बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। बारिश के दिनों में छोटे-छोटे जीव-जन्तु से बहुत परेशानी होती थी। बारिश के समय घर में पानी टपकना और सीलन रहता था। 

दिन के समय बारिश होने पर एक ध्यान घर की तरह हमेशा बना रहता था। जिसके कारण एक व्यक्ति को घर में ही रहना पड़ता था। अब पक्के आवास के कारण उन्हें इन समस्याओं से निजात मिल गई है। श्रीमती श्वेता बाई ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत उन्हें मिला यह घर उनके जीवन में नई उम्मीद और सुरक्षा लेकर आया है।