back to top

राजनांदगांव: जिला चिकित्सालय के भू-तल में प्रसूता महिलाओं हेतु नवीन ऑपरेशन थियेटर हुआ क्रियाशील…

– सिजेरियन प्रसव एवं आपातकालीन प्रसूति सेवाएं अब जिला चिकित्सालय में ही उपलब्ध

Advertisements

– समय पर उपचार से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मिलेगी मदद

राजनांदगांव 18 मार्च 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय के भू-तल में स्थित पुराने मेजर ऑपरेशन थियेटर का जीर्णोद्धार कर उसे प्रसूता महिलाओं के लिए विशेष रूप से क्रियाशील कर दिया गया है। इस नवीन ऑपरेशन थियेटर के प्रारंभ होने से जिला चिकित्सालय में आने वाली गर्भवती एवं उच्च जोखिम प्रसूता महिलाओं को अब समय पर सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। 

नवीन ऑपरेशन थियेटर में सिजेरियन प्रसव सहित प्रसूति से संबंधित आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। इससे उन प्रसूता महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें तत्काल शल्य चिकित्सा की आवश्यकता होती है।

 अब ऐसे मामलों में मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता में कमी आएगी, जिससे समय की बचत होगी और उपचार में देरी नहीं होगी। इस सुविधा के प्रारंभ होने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को जिला स्तर पर ही बेहतर एवं सुरक्षित प्रसूति सेवाएं उपलब्ध हो पाएंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता में वृद्धि होगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम  नवरतन द्वारा नवीन ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण कर उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रसूता महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। 
इस दौरान सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेन्द्र प्रसाद, अस्पताल प्रबंधक श्री अविन चौधरी, प्रसूति एवं निश्चेतना विभाग के विशेषज्ञ, मेजर ऑपरेशन थियेटर प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Advertisements

You cannot copy content of this page