
राजनांदगांव। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में सोमनी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार गृह मंत्रालय के एनसीआरबी नई दिल्ली द्वारा सीसीपीडब्ल्यू योजना के अंतर्गत साइबर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त साइबर टिप लाइन के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सोशल मीडिया पर महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की रोकथाम के तहत जांच के दौरान पता चला कि एक व्यक्ति द्वारा फेसबुक के माध्यम से अश्लील वीडियो अपलोड किया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सोमनी में आरोपी के खिलाफ धारा 67(बी) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अरविंद पाण्डेय (29 वर्ष), पिता शिवमूरत पाण्डेय, निवासी पाण्डेपुरवा चिकना बाजार, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।










































