राजनांदगांव : फेसबुक पर महिला के नाम से फर्जी आईडी बनाकर अश्लील मैसेज भेजने वाला युवक गिरफ्तार…

राजनांदगांव / डोंगरगांव सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर महिला का मोबाईल नंबर व फोटो डालकर फर्जी आईडी बनाकर महिला को बदनाम करने की नीयत से लोगों को फ्रेण्ड रिक्वेस्ट तथा अन्य अश्लील पोस्ट करने वाले एक युवक को पुलिस ने काफी मशक्कत तथा खोजबीन के बाद जबलपुर (मध्यप्रदेश) से पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी को पकड़ने में पुलिस के साईबर सेल ने अहम भूमिका का निर्वहन किया।

टीआई राजेश कुमार साहू से प्राप्त जानकारी अनुसार एक प्रार्थिया ने थाने आकर शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका मोबाईल नंबर तथा फोटो का उपयोग कर फेसबुक में उसके नाम से एक फर्जी आईडी बनाकर लोगों को अलग अलग तथा अश्लील मैसेज भेजा जा रहा है जिसके कारण उसकी छवी खराब हो रही है और बदनामी हो रही है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने भादवि की धारा 509 (ख) के तहत् मामला दर्ज करते हुए विवेचना में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले फर्जी व्यक्ति के संबंध में पतासाजी के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा तैयार फेसबुक आईडी का यूआरएल लिया गया। पश्चात् साईबर सेल के माध्यम से फेसबुक कंपनी से उक्त अज्ञात व्यक्ति के संबंधी जानकारी प्राप्त की। इसके बाद साईबर सेल की मदद से ही पुलिस आरोपी के लोकेशन को ट्रेस करते हुए मध्यप्रदेश के जबलपुर पहुंची। जहां पर लगातार जांच पड़ताल के बाद आरोपी लोकेश कुमार विश्वकर्मा आ. शंकरलाल विश्वकर्मा, (37 वर्ष) निवासी 166 सर्वे कॉलोनी कचनार सीटी विजयनगर लमती जबलपुर को गिरफ्तार कर डोंगरगांव थाने लाया गया। आरोपी द्वारा पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करने पर आरोपी को रिमांड पर जेल भेजे जाने की खबर है।

इस मामले को सुलझाने तथा आरोपी को गिरफ्त में लेने में उपनिरीक्षक प्रधान आरक्षक राणा प्रसन्ना, आरक्षक मनोज ठाकुर आदि का योगदान सराहनीय रहा।