राजनांदगांव: बंदूक/फटाका की आवाज निकालते साइलेंसर वाले बाईकर्स पर राजनांदगांव पुलिस ने की कार्यवाही…

राजनांदगांव- पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव डी श्रवण के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) गजेन्द्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में रक्षित निरीक्षक प्रभारी यातायात शाखा राजनांदगांव अमित सिंह के नेतृत्व में मोटरसाइकिल के साइलेंसर को परिवर्तित कर बंदूक की गोलिंयों/फटाका जैसी आवाज निकालने वाले बाईकर्स पर राजनांदगांव यातायात पुलिस ने कार्रवाई का अभियान छेड़ा है।

शहर के अलग-अलग हिस्सों में आधा दर्जन से अधिक बाइकर्स के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और साइलेंसर में लगे ऐसे सामान भी निकाले गए। मोटरसाइकिल के साइलेंसर को अपने मनमाफिक परिवर्तित करा कर उसमें बंदूक की फायरिंग जैसी तेज आवाज निकालने वाले मोटरसाइकिल चालकों की अब खैर नहीं, ऐसे हुड़दंगी मोटरसाइकिल चालकों को सबक सिखाने राजनांदगांव पुलिस ने अभियान छेड़ा हुआ है, जिसके तहत साइलेंसर को परिवर्तित कर इस तरह की आवाज निकालने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

शहर में कुछ युवकों द्वारा काफी तेज रफ्तार से इस तरह की मोटरसाइकिल चलाई जाती है, जिसकी शोर से आम राहगीरों को परेशानी होती है, तो वहीं गोलियों/फटाके की आवाज सुनकर भय का वातावरण भी निर्मित होता है। कई बार मोटरसाइकिल के पीछे चल रहे लोगों को साइलेंसर से निकलने वाली चिंगारी, तेज आवाज और वायु के दबाव से गिरकर घायल होने का खतरा भी बना रहता है, वहीं अचानक निकल रही आवाज से कोई गंभीर हादसा भी हो सकता है। पुलिस ने अब इन हुड़दंगी मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

पुलिस द्वारा इन युवा बाईकर्स जो अपने बाईक को तेज रफतार एवं बंदूक/फटाका की आवाज निकालते साइलेंसर लगाकर शहर में हुडदंग कर रहें हैं को चेतावनी भी दी जा रही है साथ ही उनके अभिभावकों को बुला कर बाईकर्स के कृत्यों से अवगत करवा कर इससे होने वाले दुष्परिणाम/हादसा से अवगत करा कर बाइकर्स के विरुद्ध समुचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। इसी कड़ी में इस प्रकार के सायलेंसर लगाने वाले दुकानदारों व मेकानिकों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जायेगी। राजनांदगांव पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।