राजनांदगांव: बमनीभाटा हाई स्कूल में बेंच बेचे जाने की शिकायत पर प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा सहित युवाओं ने जिला शिक्षा अधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन…

जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने मामले की गंभीरता के चलते त्वरित जांच का दिया आश्वासन

राजनांदगांव। विकासखंड डोंगरगांव अंतर्गत ग्राम बमनीभाटा स्थित शासकीय हाई स्कूल में शाला की बेंचों को कथित रूप से बेचे जाने की गंभीर शिकायत सामने आने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने साथियों सहित जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है ।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्रामीणों द्वारा साइकिल में बेंच बांधकर ले जाए जाने के फोटो सामने आए हैं, जो अत्यंत चिंताजनक हैं और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करते हैं। यदि शासकीय विद्यालय की संपत्ति को इस प्रकार अवैध रूप से बेचा या बाहर ले जाया जा रहा है, तो यह न केवल शासकीय संपत्ति का दुरुपयोग है, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों का भी हनन है। विद्यालयों में पहले से ही संसाधनों की कमी की शिकायतें मिलती रही हैं, ऐसे में बेंचों की कमी से छात्रों को फर्श पर बैठकर पढ़ाई करने की नौबत आ सकती है।


अभिमन्यु उदय मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाए, विद्यालय में उपलब्ध फर्नीचर का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा विद्यार्थियों के हित में आवश्यकतानुसार नई बेंचों की शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


इस दौरान उत्तर ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सोनी, सौम्य शर्मा, निर्मल द्विवेदी, निमेष देशलहरे, विकास यादव आदि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।


जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने परीक्षा दौरे पर होने के कारण फोन पर बात कर मामले की जानकारी ली, ज्ञापन लेने हेतु सक्षम अधिकारी को निर्देशित किया साथ ही उक्त मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए त्वरित रूप से संज्ञान में ले कर जांच करवाने का आश्वासन दिया ।