राजनांदगांव: बसंतपुर में कपड़ा दुकान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव, 02 अप्रैल। जिले के थाना बसंतपुर क्षेत्र अंतर्गत सिगंदई में कपड़ा दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए 7 नग फुल पैंट और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की है।


मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी चेतन यादव, निवासी मोहारा ने 1 अप्रैल को थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 मार्च की रात करीब 3:10 बजे दुकान मालिक के फोन से सूचना मिली कि कपड़ा दुकान के शटर का ताला तोड़ा जा रहा है। मौके पर पहुंचने पर 2-3 संदिग्ध युवक भागते नजर आए। जांच में दुकान का ताला टूटा मिला और रैक से 7 पैंट गायब थे।


रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के आधार पर हिमांशु यादव (20), राहुल उर्फ गुज्जर राजपूत (19) और उमेश निषाद (22), सभी निवासी वार्ड क्रमांक 46, क्लब चौक बसंतपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए 7 पैंट और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 08 PZ 4570) जप्त कर ली। इसके बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल उर्फ गुज्जर राजपूत के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।