राजनांदगांव : सोमनी इलाके में स्थित मनकी के बांस टाल में रविवार-सोमवार दरमियानी रात आग लग गई। जब तक नियंत्रण के लिए मशक्कत शुरु होती आग तेजी से फैलने लगी। टाल में रहने वाले मजदूरों ने बाहर निकलकर जान बचाई। इसके बाद आग बुझाने की कवायद शुरु हुई। पुलिस ने बताया कि बताया कि खंडेलवाल बांस टाल में आग लगने की सूचना रात में करीब 11 बजे मिली। इसके बाद देखते ही देखते आग पूरे हिस्से में फैल गई।

आग लगने की सूचना के बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। फैलती आग को देखते हुए मौके पर करीब 6 दमकल वाहनों को आग बुझाने के लिए लगाया गया। रात करीब 12 बजे शुरु हुई कवायद पूरी रात चली। इस दौरान सोमनी टीआई शिवेंद्र राजपूत सहित उनकी टीम पूरे समय मौजूद रही। सुबह करीब 4 बजे के आसपास आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि सोमवार सुबह भी किसी-किसी हिस्से में धुंआ उठता रहा। जिसके चलते दमकल वाहनों को तैनात रखा गया।
कारण स्पष्ट नहीं, लाखों के नुकसान का अनुमान
बांस टाल में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। टाल के संचालक सहित अन्य व्यापारी भी रात में मौके पर पहुंचे। आग कैसे लगी इसकी जानकारी किसी को भी नहीं हैं। जब कर्मचारियों ने आग देखा तो वह पूरी तरह फैल चुकी थी। घटना में लाखों रुपए के बांस का नुकसान होना बताया जा रहा है। हालांकि सोमवार देर शाम तक टाल के संचालक नुकसान और घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराने नहीं पहुंचे थे। सोमनी पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।










































