
राजनांदगांव।पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बोरतलाव पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 बल्क लीटर कच्ची देशी महुआ शराब जब्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में आगामी 23 जनवरी को ग्राम अंडी में आयोजित होने वाली मड़ई को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब पर रोक लगाने मुखबिर तैनात किए गए थे। दिनांक 21 जनवरी 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सोरीटोला अंडी में रामविलास सेवता अपने घर के पास हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब की बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर थाना बोरतलाव पुलिस ने तत्काल दबिश दी और मौके से आरोपी रामविलास सेवता पिता श्रवण सेवता, उम्र 38 वर्ष, निवासी सोरीटोला अंडी, थाना बोरतलाव, जिला राजनांदगांव को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 20 नग प्लास्टिक पॉलिथीन में भरी 5 बल्क लीटर कच्ची देशी महुआ शराब एवं एक पीले रंग के जरीकेन में रखी 5 बल्क लीटर शराब, कुल 10 बल्क लीटर महुआ शराब जिसकी अनुमानित कीमत 2000 रुपये है, जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इसके अलावा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 3 अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अवनीश कुमार श्रीवास के साथ प्रधान आरक्षक 1297 रोहित पडोती तथा आरक्षक क्रमांक 268, 1651 एवं 428 की सराहनीय भूमिका रही।









































