राजनांदगांव: भाजपा की शिक्षा विरोधी नीति के खिलाफ युवा नेता गुल्लक लेकर सड़को पर उतरे संभागीय कार्यालय का किया घेराव…

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा बोर्ड परीक्षा एवं आवेदन शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी के विरोध में बुधवार को राजनांदगांव में कांग्रेस के युवा नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व पार्षद एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषि शास्त्री तथा प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग सचिव विशु अजमानी के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में गुल्लक लेकर सड़कों पर उतरते हुए आम नागरिकों से प्रतीकात्मक सहयोग मांगा और संभागीय कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

Advertisements


कांग्रेस युवाओं का कहना था कि भाजपा सरकार लगातार शिक्षा को महंगा बनाकर गरीब, मध्यम वर्ग एवं वंचित तबके के विद्यार्थियों को मुख्यधारा से बाहर करने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शनकारियों के संभागीय कार्यालय पहुंचने से पहले ही आंदोलन की सूचना मिलने पर अधिकारियों ने कार्यालय में ताला जड़ दिया और कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं रहा। इससे नाराज कांग्रेस युवाओं ने कार्यालय के बाहर ही गुल्लक रखकर विरोध दर्ज कराया और प्रशासन की इस कार्यशैली को गैर-जिम्मेदाराना, असंवेदनशील और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया।


पूर्व पार्षद एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषि शास्त्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने बोर्ड परीक्षा शुल्क दोगुना तथा आवेदन शुल्क तिगुना कर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर सीधा आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि आज हालात ऐसे बना दिए गए हैं कि बच्चों की पढ़ाई के लिए घरों की गुल्लक तोड़कर सरकार की तिजोरी भरनी पड़ रही है। यह फैसला शिक्षा को अधिकार से हटाकर व्यापार बनाने वाला है और इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों, गरीब परिवारों तथा मध्यम वर्ग के छात्रों पर पड़ेगा।कांग्रेस शासनकाल की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की स्थापना कर गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई गई। साथ ही बेरोजगार युवाओं सहित सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं निःशुल्क कर शिक्षा को आमजन के लिए सुलभ बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार उन उपलब्धियों को समाप्त कर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने पर तुली हुई है।


प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग सचिव विशु अजमानी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह शिक्षा विरोधी हैं। सरकार शिक्षा को मुनाफे का साधन बना रही है और शासकीय स्कूलों की अनदेखी कर निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बोर्ड परीक्षा एवं आवेदन शुल्क वृद्धि का फैसला तत्काल वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस युवा संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा और यह लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
इस दौरान सागर ताम्रकार, संजय साहू, गरुण विक्रम, जय जायसवाल, हर्षिल हानी भलावे, शुभम कसार, दीनू साहू, अभी गुप्ता, अंसल श्रीवास्तव, सोमिल जैन, रौशन परिहार, कारण साहू, आर्यन वर्मा, धर्मेंद्र वासनिक, अनुभव पटने, यस, ऋषि गरडे, कान्हा गजभीये, सुधीर दिवाकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।