राजनांदगांव : भाजपा महिला पार्षद के खिलाफ एफआईआर को भाजपा ने ठहराया अनुचित, कोतवाली थाने का किया घेराव…

राजनांदगांव। भाजपा पार्षद दल की सचेतक सुश्री मणीभास्‍कर गुप्‍ता के विरुद्ध राष्‍ट्रीय ध्‍वज आचरण संहिता के तहत कोतवाली पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने का भाजपा ने विरोध किया है। इसे लेकर शुक्रवार को जिला भाजपा अध्‍यक्ष मधुसूदन यादव के नेतृत्‍व में भाजपा नेताओं ने कोतवाली थाने का घेराव कर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा है। नेताओं ने इस कार्रवाई को जांच के बगैर अंजाम देने का आरोप लगाया है।

भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को कोतवाली का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। भाजपा पार्षद सुश्री मणीभास्‍कर गुप्‍ता के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को गलत ठहराते हुए भाजपा नेताओं ने यहां जमकर नारेबाजी की और सत्‍तापक्ष को कोसा।

जिला भाजपा अध्‍यक्ष मधुसूदन यादव ने कहा कि, महापौर द्वारा उल्‍टा तिरंगा लहराने की शिकायत भाजपा पार्षद दल ने की थी। इसके दो दिनों बाद अचानक कांग्रेसियों ने एक दूसरा विडियो वायरल करना शुरु किया जिसके बिनाह पर उन्‍होंने भाजपा पार्षद सुश्री मणीभास्‍कर गुप्‍ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

उन्‍होंने कहा कि, हम दावा कर रहे हैं कि उस विडियो से छेड़छाड़ कर हमारी पार्षद के खिलाफ साजिश की गई है। खुद पार्षद मणीभास्‍कर ने अपने विडियो और फोटो पुलिस को उपलब्‍ध कराकर विडियो की जांच की मांग की है। इस पहलु की बगैर जांच किए उनके खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली जो कि अनुचित है। जिस तरह से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है वह गलत है।

नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने कहा कि, कांग्रेस जिस विडियो का हवाला दे रही है वह दरअसल एक मॉर्फ विडियो है। साजिशन इस तरह के विडियो तैयार कर कांग्रेस अपने महापौर को बचाने की कवायदें कर रही है। उन्‍होंने कहा कि, झूठ टिकता नहीं है। हम इस मामले में झुकने वाले नहीं है। जिस तरह के षड़यंत्र किए जा रहे हैं और सत्‍ताबल का प्रयोग किया जा रहा है उसका मुंह तोड़ जवाब मिलेगा। उन्‍होंने कांग्रेस द्वारा सौंपे गए विडियो की तत्‍काल फोरेंसिक जांच कराए जाने की मांग की है।

इस दौरान जिला भाजपा महामंत्री सचिन बघेल, रमेश पटेल, अतुल रायजादा, तरुण लहरवानी, त्रिगुण टांक, अरुण शुक्ला एवम् भाजपा के पदाधिकारी, महिला मोर्चा,युवा मोर्चा,पार्षद दल,पिछड़ा मोर्चा, अल्प संख्यक मोर्चा के पदाधिकारी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।उपरोक्त जानकारी शहर भाजपा के महामंत्री द्वय हर्ष रामटेके और गोलू गुप्‍ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।