राजनांदगांव: मनगटा क्षेत्र के रिसॉर्ट्स में पुलिस की औचक छापेमारी, 35 स्थानों की जांच…


राजनांदगांव। मनगटा क्षेत्र में स्थित रिसॉर्ट्स पर लगातार डीजे बजाने और शराब परोसने की शिकायतों के मद्देनजर पुलिस ने अचानक छापेमारी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।


अपराध की रोकथाम, नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो और साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम के लगभग 30 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने मनगटा क्षेत्र के करीब 35 रिसॉर्ट्स की सघन जांच की।


छापेमारी के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित होती नहीं पाई गई। हालांकि पुलिस ने रिसॉर्ट संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि आने-जाने वाले सभी ग्राहकों का वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड आदि) प्राप्त कर विधिवत रजिस्टर में संधारित करें। साथ ही रिसॉर्ट परिसर में डीजे न बजाने, नशे का सेवन न करवाने तथा किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।