राजनांदगांव  : माटी पूजन दिवस के अवसर पर कलेक्टर ने वृंदावन गौठान अंजोरा, एकीकृत सुविधा केन्द्र नवागांव, कामधेनु गौठान बघेरा, एकीकृत सुविधा केन्द्र सुकुलदैहान में माटी की पूजा अर्चना की…

जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देंगे : कलेक्टर

हम अपने खेत, बगीचों और घरों में जैविक खाद का उपयोग करेंगे, हम अपने भुईयां की रक्षा करेंगे
राजनांदगांव 03 मई 2022। अक्षय तृतीया के दिन माटी पूजन दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने आज वृंदावन गौठान अंजोरा, एकीकृत सुविधा केन्द्र नवागांव, कामधेनु गौठान बघेरा, एकीकृत सुविधा केन्द्र सुकुलदैहान में माटी की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिन्हा ने ग्रामवासियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि कि हम हमारी मिट्टी जिसे हम माता, भुईयां कहते हैं उसकी रक्षा करेंगे। हम अपने खेत, बगीचों और घरों में जैविक खाद का उपयोग करेंगे। हम ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे हमारी मिट्टी, पानी की सेहत खराब हो।

हम हानिकारक रसायनों के कारण भूमि, जल को होने वाले, नुकसान के प्रति सबको सचेत कर पर्यावरण की रक्षा करेंगे। हम आने वाली पीढिय़ों के लिए साफ पानी, शुद्ध हवा और उपजाऊ मिट्टी बचाएंगे। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि शासन द्वारा मिट्टी की उर्वरा शक्ति के पुर्नजीवन हेतु अक्ति के शुभ दिन से माटी पूजन की शुरूआत की गई। इस अभियान के अंतर्गत जैविक खाद और गौमूत्र के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ लोगों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। खेती किसानी की लागत को कम कर अधिक लाभप्रद बनाकर जिले में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।