राजनांदगांव : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अन्तर्गत ग्राम सलोनी में परिणयसूत्र में बंधे 32 जोड़े…

राजनांदगांव : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत 11 मार्च 2021 को एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव शहरी परियोजना, राजनांदगांव ग्रामीण – 1, राजनांदगांव-2, खैरागढ़, डोंगरगढ़ तथा छुईखदान द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम सलोनी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डोंगरगढ़ एवं अध्यक्ष अनुसूचित जाति प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन श्री भुनेश्वर बघेल तथा अध्यक्षता सरपंच श्री रतन यादव ने की।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनंादगांव श्रीमती प्रतीक्षा सूर्यकांत भंडारी, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत राजनंादगांव श्री रोहित चन्द्राकर, विधायक प्रतिनिधि जनपद पंचायत राजनंादगांव श्री चंद्रेश वर्मा, सभापति महिला एवं बाल कल्याण समिति राजनंादगांव श्रीमती खिलेश्वरी साहू, सभापति जनपद पंचायत राजनंादगांव श्री ओमप्रकाश साहू, सदस्य जनपद पंचायत राजनंादगांव श्रीमती हंसा सिन्हा, तथा सरपंच एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Advertisements

वैवाहिक बंधन में बंधे 32 जोड़े -मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के तहत एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना (शहरी) के 8 जोड़े, राजनंादगांव ग्रामीण -1 परियोजना के 14 जोड़े, राजनंादगांव ग्रामीण -2 परियोजना के 4 जोड़े, डोंगरगढ़ परियोजना के 1 जोड़े, छुईखदान परियोजना के 1 जोड़े तथा खैरागढ़ परियोजना के 4 जोड़े शामिल हुए। इस प्रकार हिन्दू रीति रिवाजों के तहत कुल 30 जोड़े एवं बौद्ध एवं मुस्लिम परंपरा के तहत 1-1 जोड़ों की शादी हुई।छत्तीसगढ़ी वैवाहिक परम्परा एवं संस्कृति के अनुसारवर पक्ष का किया गया स्वागत -वैवाहिक कार्यक्रम में वर एवं वधु को अलग-अलग स्थान में रूकने की व्यवस्था की गई थी। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा बाजे-गाजे के साथ नृत्य करते हुए बारात सामुदायिक भवन से निकाली गई। बारात का स्वागत हर्षोउल्लास के साथ करते हुए वर पक्ष का प्रतिनिधित्व जनप्रतिनिधियों तथा वधु पक्ष का प्रतिनिधित्व महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारीगणों द्वारा नारियल भेंट करते हुए समधी भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डोंगरगढ़ एवं अध्यक्ष अनुसूचित जाति प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन श्री भुनेश्वर बघेल द्वारा सभी 32 जोड़ों को पण्डाल में पहुंच कर प्रत्येक वेदी में वर-वधु को बधाई देते हुए भेंट स्वरूप एक-एक हजार का चेक प्रदान किया। विभाग द्वारा वर-वधु को शादी का जोड़ा सहित श्रृंगार सामाग्री में चांदी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी बिछिया तथा उपहार सामग्री – स्टील के बर्तन, पंखा आदि प्रदान किया गया। वर-वधु को मुख्य अतिथि द्वारा उनके नव दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गई तथा जीवन में शांति एवं सामंजस्यपूर्ण जीवन के लिए संदेश दिया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी), सुश्री रीना ठाकुर, परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (ग्रामीण 1) श्री प्रीतराम खुटेल, परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना खैरागढ़ श्रीमती नीरू सिंह तथा सभी पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। साथ ही कार्यक्रम का संचालन जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री चंद्र किशोर लाडे द्वारा किया गया।