राजनांदगांव: मुसराखुर्द अवैध शराब मामले में पुलिस को बड़ी सफलता एक और आरोपी गिरफ्तार….

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ग्राम मुसराखुर्द में अवैध शराब भंडारण एवं बिक्री के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 17 दिसंबर 2025 को प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई थी।

Advertisements


सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में थाना डोंगरगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर ग्राम मुसराखुर्द स्थित शीतला मंदिर के पास एक मकान में रेड कार्रवाई की गई थी।


रेड के दौरान मौके से आरोपी बीरबल वर्मा एवं चंद्रकांत उर्फ सोनू सेन को गिरफ्तार किया गया था। तलाशी में पुलिस ने 62.64 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 1860 नग फर्जी आबकारी स्टीकर, बिना नंबर की टीवीएस जूपिटर मोपेड, मोबाइल फोन, औजार एवं नगद राशि जब्त की। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1.38 लाख रुपये आंकी गई।


पूछताछ में खुलासा हुआ कि अवैध शराब एवं फर्जी लेबल की सप्लाई राजपाल सिंह भाटिया (महाराष्ट्र) एवं अवधेश सिंह पिता अविका सिंह, हाल निवासी करंजा शराब दुकान, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) द्वारा की जा रही थी। इस कड़ी में पुलिस ने आरोपी अवधेश सिंह को आज दिनांक 06 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया है।


प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59-क तथा बीएनएस की धारा 339, 336(3), 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी इस प्रकार की कार्यवाही जारी रहेगी।