राजनांदगांव में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन…

राजनांदगांव। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के दूसरे दिन शुक्रवार, 02 जनवरी को राजनांदगांव पुलिस द्वारा हेलमेट जन-जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा की उपस्थिति में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के प्रति जागरूक करना एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

Advertisements


हेलमेट जागरूकता रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) श्री मुकेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक, प्रशिक्षु आईपीएस नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार कसेर, यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप सहित यातायात स्टाफ एवं शहर के विभिन्न थाना एवं चौकी का पुलिस बल शामिल रहा।
रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड चौक, गुरुद्वारा चौक, मानव मंदिर चौक, भारत माता चौक, गंज चौक, बसंतपुर थाना तिराहा, दुर्गा चौक, महावीर चौक, फव्वारा चौक, अंबेडकर चौक एवं प्यारेलाल चौक से होते हुए पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।


इस दौरान राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, तीन सवारी न चलें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। पुलिस ने नशे की हालत में वाहन न चलाने, नियंत्रित गति में वाहन चलाने एवं सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा यातायात रथ एवं अन्य विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।