
राजनांदगांव। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के पाँचवे दिन जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में यातायात जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) श्री मुकेश ठाकुर के मार्गदर्शन एवं प्रभारी यातायात नवरतन कश्यप के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।

यातायात पुलिस द्वारा नीरज बायपयी इंटरनेशनल स्कूल बोरी, वेसलियन स्कूल, म्यूनिसिपल स्कूल, प्यारेलाल स्कूल, स्टेट स्कूल तथा अशोका इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थियों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान यातायात नियमों का पालन करने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने तथा सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से समझाइश दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए आवश्यक सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लगभग 1000 शिक्षक एवं विद्यार्थी लाभान्वित हुए। अभियान को सफल बनाने में उप निरीक्षक अनिल तिवारी, सहायक उप निरीक्षक येनलाल चन्द्राकर, शरद मसीह, कुंजलाल साहू, सुरेज चन्द्रवंशी, कमल किशोर श्रीवास्तव सहित यातायात स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर राजनांदगांव यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बिना हेलमेट दुपहिया वाहन न चलाएं, तीन सवारी से बचें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने और नियंत्रित गति में वाहन चलाने की अपील की गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात रथ एवं अन्य विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।









































