
राजनांदगांव जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। बसंतपुर पुलिस ने मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये के सामान भी जब्त किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध सट्टा, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 9 अप्रैल 2026 को बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौरव पथ चौपाटी के पास दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीपक क्षत्रिय (29 वर्ष), निवासी पुरैना, थाना डोंगरगढ़ को मोबाइल के माध्यम से सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड, एक रॉयल इनफील्ड मोटरसाइकिल और 9,800 रुपये नगद जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।










































