
राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने मोहल्ले में शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जेल वारंट प्राप्त होने के बाद आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 फरवरी 2026 की रात करीब 1 बजे वह डोंगरगांव से काम कर घर लौटा तो मोहल्ले में लोगों की भीड़ लगी थी। मोहल्ले की एक महिला ने बताया कि चौखड़ियापारा निवासी विकास यदु (26 वर्ष), पिता स्व. शिव कुमार यदु, शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा है।

प्रार्थी द्वारा समझाइश देने पर आरोपी ने पास में पड़ा पत्थर का टुकड़ा प्रार्थी के घर की ओर फेंक दिया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने प्रार्थी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 74/2026 धारा 296, 351(2), 119(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास यदु को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय से जेल वारंट मिलने पर उसे जिला जेल दाखिल किया गया।









































