
नववर्ष के मद्देनज़र शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना बसंतपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पांच अनावेदकों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं पुष्पेन्द्र नायक के निर्देशन में आगामी नववर्ष को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने हेतु लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोहल्लों में हो-हुल्लड़ कर शांति भंग करने वाले एवं असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए अनावेदकों अमर यादव (32 वर्ष), कौशल राजपूत (48 वर्ष), दिलीप मरकाम (44 वर्ष), साहिल सिंह सूर्यवंशी (21 वर्ष) तथा मनीष गुप्ता (21 वर्ष) को पुलिस द्वारा चिन्हित किया गया।
पुलिस द्वारा सभी अनावेदकों के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत इस्तगाशा प्रस्तुत कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात सभी को माननीय एसडीएम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर पांचों अनावेदकों को जेल दाखिल किया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक इब्राहिम खान, सहायक उप निरीक्षक गोवर्धन देशमुख एवं आर. राजू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, महिला प्रधान आरक्षक सीमा जैन सहित आरक्षक प्रवीण मेश्राम, कुश बघेल, रामचरण साहू, राजेश बंदेश्वर, रूपेन्द्र वर्मा एवं जामिन्द्र वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
थाना बसंतपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।









































