राजनांदगांव: रोजगार की तलाश में जा रहे मजदूर हादसे का शिकार एक मृत…

राजनांदगांव, । छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 930 में फिर भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें एक युवक की मौत हो गई वहीं चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति गंभीर है। जिन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। शेष दो घायलों का मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।

Advertisements

दुर्घटनाग्रस्त आर्टीका कार उत्तर प्रदेश की है। यूपी का एक मजदूर, कार चालक तथा छत्तीसगढ़ के पांच मजदूर कुल 7 लोग कार में सवार थे। कार सवार मजदूर रोजी रोटी कमाने-खाने के लिए सिकंदराबाद जा रहे थे। घटना मानपुर विकासखंड मुख्यालय से 14 किमी. दूर खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कहडबरी स्थित हाइवे ओवर ब्रिज के पास 13 व 14 दिसंबर की मध्य रात करीब 2 बजे घटित हुई है।

प्रमोद निर्मलकर ने मौके से जानकारी देते हुए बताया कि मानपुर अस्पताल में भर्ती यूपी निवासी घायल मजदूर अजय यादव 13 दिसंबर को आर्टीका कार क्रमांक यूपी 32 क्यूटी 9208 में उत्तर प्रदेश के कार ड्राइवर अनिल कुमार और वह स्वयं छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला अंतर्गत लैलूंगा थानाक्षेत्र निवासी पांच अन्य मजदूर युवक सुखदेव भगत, अंजिल मिंज, सुखदेव लाकड़ा, प्रदीप मिंज और कौशल मिंज रोजगार के लिए सिकंदराबाद जा रहे थे।

इसी बीच नेशनल हाईवे 830 में मानपुर व खड़गांव के मध्य ग्राम कहडबरी स्थित निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के पास समान दिशा में आगे-आगे चल रही भारी वाहन ट्रेलर के पीछे हिस्से से तेज रफ्तार आर्टीका कार जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

वहीं कार सवार मजदूर व कार चालक बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस जवानों ने फौरन 112 व अन्य वाहन के जरिए कार सवार सभी लोगों को घायल अवस्था में मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां एक घायल की मौत हो गई। मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बी.एम.ओ. डॉ गिरीश खोबरागड़े ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि एक की मौत हुई है।

दो घायलों को रेफर किया गया है तथा दो अन्य घायल का इलाज मानपुर अस्पताल में जारी है। इसी तरह दो अन्य घायलों को मामूली चोट के चलते प्राथमिक उपचार उपरांत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कार सवार 7 घायलों में से रायगढ़ जिले के लैलूंगा थानाक्षेत्र अंतर्गत पिपराही गांव निवासी 25 वर्षीय घायल मजदूर प्रदीप मिंज पिता मोहर साय मिंज की आज सुबह मौत हो गई।

वहीं दो घायल सुखदेव लाकड़ा तथा अंजिल को बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दो घायल अजय यादव पिता श्रीनिवास निवासी ग्राम नयापुरवा उत्तर प्रदेश तथा सुखदेव भगत पिता मनीराम निवासी ग्राम पिपराही जिला रायगढ़ छत्तीसगढ़ अभी उपचारार्थ मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं।