
राजनांदगांव। मानवता और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण पेश करते हुए दो युवकों ने एक खोई हुई मासूम बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने में मदद की। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए राजनांदगांव पुलिस ने उन्हें सम्मानित किया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बाजार क्षेत्र में अरशद खान और राजा खान नामक युवकों को करीब डेढ़ वर्ष की एक बालिका रोते हुए और अकेले भटकती हुई दिखाई दी। दोनों युवकों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए बच्ची को अपने पास लिया, उसे शांत कराया और उसकी सुरक्षा का ध्यान रखा।
इसके बाद दोनों ने चिखली थाना में पदस्थ आरक्षक से जानकारी लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया और बच्ची को विधिवत चाइल्ड वेलफेयर टीम के सुपुर्द कर दिया।
रात्रि में पुलिस को बच्ची के परिजनों की जानकारी मिलने पर बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और उसके बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने राजनांदगांव पुलिस की ओर से अरशद खान और राजा खान को सम्मानित कर पुरस्कृत किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के मानवीय कार्य समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं तथा लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करते हैं।










































