राजनांदगांव: लालबाग पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को दबोचा…

राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने डरा-धमकाकर कीमती मोबाइल लूटने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन (कीमत ₹50,000) और घटना में प्रयुक्त एक एक्टिवा वाहन (कीमत ₹50,000), कुल ₹1 लाख की संपत्ति बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी हैं —

  1. दीपक उर्फ टिकली नेताम, पिता तुलसी नेताम, उम्र 22 वर्ष, निवासी पेंड्री अटल आवास, थाना लालबाग।
  2. सचिन लकड़ा, पिता पात्रिक लकड़ा, उम्र 26 वर्ष, निवासी रेवाडीह, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शुभम कुमार साहू, निवासी ग्राम बनभेड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 23 अक्टूबर 2025 को वह अपने मित्र महावीर कुमार साहू के साथ भिलाई से बनभेड़ी लौट रहा था। दोपहर करीब 3:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक के पास, दो अज्ञात व्यक्ति एक्टिवा में आए और मोबाइल से बात करने का बहाना बनाकर उससे फोन मांगा। मना करने पर दोनों ने जान से मारने की धमकी देकर आईफोन और वीवो मोबाइल लूट लिया।

घटना पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 484/25 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। वरिष्ठ अधिकारियों — पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैष्णाली जैन (IPS) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।

पता तलाश के दौरान दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और प्रयुक्त एक्टिवा वाहन बरामद किया। विवेचना के दौरान धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।