राजनांदगांव : विद्युत संविदा कर्मियों ने दो सूत्रीय मांग को लेकर कलेक्ट्रेट का किया घेराव…

राजनांदगांव छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के बैनर पर समस्त संविदा विद्युत कर्मचारियों को लाइन परिचालक के रिक्त पदों पर नियमित करने और सेवा कार्य के दौरान देवंगत हुए विद्युत संविदा कर्मचारियों के लिए एक परिजन को अनुकंपा नियुक्ति और उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम ज्ञापन सौंपा। मांगों को लेकर संघ ने भाजपा जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव के नेतृत्व में जिला कार्यालय का घेराव भी किया।


ज्ञापन में संघ के महामंत्री उमेश पटेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में पूरे प्रदेश में कार्यरत संविदा परिचालक कर्मचारियों की कुल संख्या लगभग 2500 है। नियमित लाइन स्टाफ की भारी कमी को देखते हुए विद्युत कंपनी द्वारा 2500 का लाइन परिचालक संविदा के पद पर भर्ती की जा रही है छत्तीसगढ़ प्रदेश में विद्युत विभाग के अंतर्गत उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 59 लाख है जिन्हें निरंतर विद्युत आपूर्ति में इन्हें संविदा कर्मचारियों की अहम भूमिका निभाती रही है वह अपनी जान की परवाह किए बगैर 24 घंटे और सातों दिन सेवाएं दे रहे हैं।

विभाग में नियमित स्टाफ की भारी कमी के कारण प्रदेश के लाखों करोड़ों उपभोक्ताओं को निरंतर विद्युत प्रवाह करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है कई ऐसे कर्मचारी हैं जिनकी उम्र अधिक होने के कारण वह लाइन संचार और संधारण का कार्य पूरी क्षमता के साथ नहीं कर पाते हैं अधिकांश नियमित कर्मचारियों के सेवाकाल एक से दो वर्ष में समाप्त होने की स्थिति है पूरे प्रदेश में नियमित कर्मचारियों की संख्या लगभग 7500 है।