
राजनांदगांव। जिले के थाना बसंतपुर अंतर्गत ग्राम सिंगदई में सूने मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई रकम में से 12,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 13 जनवरी 2026 को वह अपनी पत्नी व बच्चों को स्कूल छोड़कर काम पर गया था। शाम लगभग 8 बजे जब वह घर लौटा तो पाया कि घर का सामान बिखरा पड़ा है। आलमारी की जांच करने पर उसमें रखी 35,000 रुपये नकद रकम गायब मिली, जिसे अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था।
मामले की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 331(4) एवं 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान संदेही गोपी यादव उर्फ महावीर यादव (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगदई, थाना बसंतपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की घटना को स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई रकम में से 12,300 रुपये बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे जेल दाखिल किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक नरेश सार्वा, आरक्षक प्रवीण मेश्राम, आशीष मानिकपुरी एवं कुश बघेल की सराहनीय भूमिका रही।









































