
राजनांदगांव 10 अगस्त ।

जी रोड के किनारे स्थित विवेकानंद नगर में बीती रात एक सूने मकान में सेंधमारी कर अज्ञात आरोपियों ने सोने चांदी के जेवर तथा नगद राशि पार कर दी । मकान मालिक विगत 5 दिनों से जबलपुर गए हुए थे । जिस घर में चोरी हुई है वह स्थानीय साइंस कॉलेज में लाइब्रेरियन सीमा लाल का घर बताया जाता है । पुलिस ने भादंवि की धारा 457, 380 का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है ।
बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विवेकानंद नगर में साइंस कॉलेज की लाइब्रेरियन सीमा लाल पति डॉ इवन लाल के घर 9 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने दबिश देकर सोने चांदी के जेवर तथा 70 हजार रुपए नगद को पार दिया । सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बसंतपुर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराते हुए पीड़ित इवन लाल ने बताया कि वे पत्नी सहित 5 दिनों से जबलपुर गए हुए थे । वापस लौटने पर उन्हें जानकारी हुई कि घर में चोरी हो गई है । मौके पर पहुंची बसंतपुर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज लिए हैं । आसपास लगे कैमरों के फुटेज भी लिए जा रहे हैं । ऐसी जानकारी भी आ रही है कि जिस मकान में चोरी की घटना हुई है उनके घर पर जर्मन शेफर्ड डॉग भी है, किंतु लगातार 5 दिन बाहर
रहने के कारण उन्होंने अपने डॉग को किसी और के घर में भेज दिया था । बसंतपुर थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया है । सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं । सूत्र बताते हैं कि जिस घर में चोरी हुई है उनके सीसीटीवी में दो आरोपी नजर आ रहे हैं किंतु तस्वीर स्पष्ट नहीं है।









































