राजनांदगांव: सोमनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खेतों से चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। ग्राम ईरा एवं ग्राम खुटेरी क्षेत्र में किसानों के खेतों से केबल तार, मोटर पंप एवं सोलर झटका मशीन चोरी करने वाले फरार आरोपियों को सोमनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 01 विधि से संघर्षरत बालक सहित 03 आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया है। इससे पूर्व इसी प्रकरण में एक अन्य विधि से संघर्षरत बालक और एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Advertisements

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 दिसंबर 2025 से 12 दिसंबर 2025 के मध्य ग्राम खुटेरी एवं ग्राम ईरा खार क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा 15 किसानों के खेतों से 01 सबमर्सिबल पंप, 02 सोलर झटका मशीन, पानी मोटर पंप एवं लगभग 2000 फीट केबल तार चोरी कर लिए गए थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच एवं पतासाजी के दौरान पुलिस ने फरार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में

  1. दीनू मेश्राम उर्फ पिंटू उर्फ दुर्लभ (25 वर्ष), निवासी लखोली अटल आवास,
  2. मयूर कसार (29 वर्ष), निवासी लखोली संतोषी नगर,
  3. हुसैन देवार (39 वर्ष), निवासी टेडेसरा वार्ड क्रमांक 04 शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए केबल तार भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव, उप निरीक्षक बलदाऊ चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक राजू मेश्राम, प्रधान आरक्षक चंद्रभूषण सिन्हा सहित थाना सोमनी के अन्य पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।