
राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली और थाना बसंतपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चिकन मार्केट में चाकूबाजी करने वाले आरोपी को आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना के दौरान पीड़ित की स्कूटी में लगाई गई आग को भी पुलिस ने मौके पर पहुँचकर बुझाया और घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाकर उसका हालचाल लिया।
घटना 8 दिसंबर 2025 की रात लगभग 8:20 बजे की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि चिकन मार्केट, हाट बाजार में एक युवक द्वारा चाकू मारकर एक व्यक्ति को घायल कर दिया गया है और उसकी स्कूटी में आग लगा दी गई है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और आग पर काबू पाया। वहीं, बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबू उर्फ मोहित गुप्ता (उम्र 28 वर्ष), निवासी कुंआ चौक नंदई को फरार होने से पहले ही आधे घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।
प्रार्थी से पूछताछ के बाद मामले में धारा 109, 118(1), 296, 326(च) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक के निर्देशन में थाना कोतवाली प्रभारी नंदकिशोर गौतम एवं बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद किया गया।
चूंकि आरोपी लड़ाई-झगड़ा और चोरी का आदतन अपराधी है तथा इसके विरुद्ध पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं, इसलिए उसे विधिवत गिरफ्तार कर 9 दिसंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल वारंट जारी होने पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली के उप निरीक्षक राधेश्याम जूरी, प्रधान आरक्षक चंद्रेश सिन्हा, संदीप चौहान, आरक्षक मनोज टंडन, राजेश साहू, प्रदीप जायसवाल, प्रियांश सिंह तथा थाना बसंतपुर के प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल एवं आरक्षक प्रवीण मेश्राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









































