back to top

राजनांदगांव: माली पिता की मेहनत रंग लाई, चिखली वार्ड की बेटी दीप शिखा बनी सब इंस्पेक्टर…

2018 से कर रही थीं तैयारी, कठिन हालातों के बीच हासिल की बड़ी सफलता

Advertisements

राजनांदगांव। शहर के चिखली वार्ड की रहने वाली दीप शिखा सिन्हा ने अपनी मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से सब इंस्पेक्टर बनकर सफलता का नया अध्याय रच दिया है। खास बात यह है कि उनके पिता भोला राम सिन्हा माली का कार्य करते हैं और उन्होंने कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर अपनी बेटी को इस मुकाम तक पहुंचाया। दीप शिखा की इस उपलब्धि से परिवार, गुरुजनों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

दीप शिखा सिन्हा ने बताया कि वे वर्ष 2018 से लगातार इस प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी ध्यान नहीं हटाया। लगातार मेहनत और धैर्य के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की और अपने परिवार का नाम रोशन किया।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग, त्याग और मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं हो पाता। दीप शिखा ने कहा कि कठिन परिस्थितियां इंसान को मजबूत बनाती हैं और यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती।

वहीं उनके व्यायाम शिक्षक शैलेन्द्र तिवारी ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक दक्षता भी बेहद जरूरी होती है। दीप शिखा ने पढ़ाई के साथ नियमित फिजिकल ट्रेनिंग पर भी पूरा ध्यान दिया, जिसका उन्हें सीधा लाभ मिला।

दीप शिखा सिन्हा की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। यह कहानी साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि संकल्प मजबूत हो, तो सफलता जरूर मिलती है।

Advertisements

You cannot copy content of this page