
राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के आह्वान पर शुक्रवार को राजनांदगांव चेंबर ऑफ कॉमर्स ने शहर में स्वदेशी जागरूकता रैली का आयोजन किया। चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के निर्देश एवं जिला अध्यक्ष कमलेश बैद के नेतृत्व में यह रैली गंज लाइन बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर भारत माता चौक, रामाधीन मार्ग, कामठी लाइन, जयस्तंभ चौक और मानव मंदिर चौक होते हुए गंज चौक में संपन्न हुई।
रैली में शामिल व्यापारियों और पदाधिकारियों ने “स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ” के नारे लगाते हुए लोगों को स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

जिला अध्यक्ष कमलेश बैद ने कहा कि इतिहास गवाह है कि एक ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत को गुलाम बना दिया था और आज हजारों विदेशी कंपनियां भारतीय बाजार पर कब्जा जमाए हुए हैं। जबकि भारत के लोकल प्रोडक्ट गुणवत्ता में किसी से कम नहीं हैं। लेकिन मानसिकता के कारण लोग विदेशी वस्तुओं को तरजीह देते हैं। इस स्थिति को बदलने और स्वदेशी के प्रति स्वाभिमान जगाने चेंबर ऑफ कॉमर्स ने यह जनजागरण अभियान शुरू किया है।

जिला महामंत्री अरुण डुलानी और रानू जैन ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के प्रत्येक व्यापारी अपने ग्राहकों को स्वदेशी वस्तुओं की महत्ता समझाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक खूबचंद पारख, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद डड्डा, आलोक बिंदल, ज्ञानू बाफना, भीमन धनवानी, प्रदेश मंत्री तरुण लहरवानी, अमर लालवानी, संजय चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।









































