
राजनांदगांव। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर तेजस्वी शिक्षा एवं सेवा संस्थान द्वारा पदुमतरा स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी वितरण किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में आने-जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ-साथ जल संरक्षण संबंधी पाम्पलेट भी वितरित किए गए।
संस्थान के सदस्यों ने इस दौरान “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए लोगों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जल को बनाया नहीं जा सकता, लेकिन इसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। धर्म के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना भी देश के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
जनपद सदस्य ललिता मोहन साहू ने संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि तेजस्वी शिक्षा एवं सेवा समिति पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज में सराहनीय कार्य कर रही है।
धनेंद्र साहू ने अपने वक्तव्य में कहा कि धर्म के प्रति हमारी जिम्मेदारी हमें एक अच्छा व्यक्तित्व बनाने में सहायक होती है। उन्होंने सभी से अपने धर्म का सम्मान करते हुए आपसी सहयोग और एकता के साथ कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम में धनेंद्र साहू, दीपक वर्मा, संजय साहू, मोहन साहू, मुरली साहू, राकेश साहू, तेजस्वी वर्मा, सीमा साहू, लीना साहू, राशि साहू सहित अन्य युवा-युवतियों की सक्रिय उपस्थिति रही।









































