राजनांदगांव : हरियाली तीज महोत्सव 2 अगस्त को टाउन हॉल में होगा आयोजित…

➡️ सनातन धर्म महिला मंडल द्वारा स्नेह मिलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष प्रस्तुति

राजनांदगांव। सावन की हरियाली और तीज के उल्लास के अवसर पर सनातन धर्म महिला मंडल राजनांदगांव द्वारा “हरियाली तीज महोत्सव” का भव्य आयोजन 2 अगस्त 2025, शनिवार को दोपहर दो बजे से शाम छः बजे तक नगर पालिका निगम टाउन हॉल में किया जा रहा है। यह आयोजन सावन के पावन महीने में स्नेह मिलन और सांस्कृतिक सहभागिता के रूप में महिलाओं को समर्पित है।

कार्यक्रम में चंदन की खुशबू, बादलों की फुहार और भक्ति की बहार के साथ, महिला सशक्तिकरण और पारंपरिक उत्सवों की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन का उद्देश्य नारी शक्ति को एक मंच प्रदान करते हुए भारतीय संस्कृति और परंपरा को जीवंत रूप देना है।

इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती मौसमी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महोत्सव हमारी संस्कृति, परंपरा और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। सावन का महीना सिर्फ पूजा-पाठ का नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, मेल-मिलाप और आत्मिक उत्सव का अवसर होता है। हरियाली तीज महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखती है और इस आयोजन में पूरे शहर की मातृशक्ति को आमंत्रित किया गया है, ताकि हम सब मिलकर इस सांस्कृतिक पर्व को हर्षोल्लास से मना सकें।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक परिधान, झूला-सज्जा, गीत-संगीत और महिलाओं की सहभागिता से महोत्सव को रंगीन बनाया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक एवं राजनीतिक क्षेत्र की महिला अतिथियों की विशेष उपस्थिति रहेगी। आयोजन स्थल पर भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

प्रदेश अध्यक्ष मौसमी शर्मा के साथ आयोजन समिति में प्रदेश महामंत्री श्रीमती सुषमा सिंह एवं अन्य सदस्यगण तैयारियों में जुटे हैं।

मुख्य अतिथिगण में मुख्य रूप से डॉ. वर्किना शर्मा (अध्यक्ष, बाल संरक्षण आयोग, छ.ग.), श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख (पूर्व महापौर), श्रीमती करुणा–मधुसूदन यादव (महापौर), श्रीमती रेखा–दिनेश साहू (राष्ट्रीय अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ), श्रीमती सुषमा सिंह (सी.ई.ओ. जिला महिला पंचायत), श्रीमती तरुणा साहू (रेलवे महिला पुलिस), कु. मणि भास्कर (पार्षद), श्रीमती मधु वेद जी (पूर्व पार्षद) शामिल रहेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ भोजन की भी व्यवस्था की गई है। यह महोत्सव नारी एकता, संस्कृति और भक्ति का संगम होगा, जिसमें राजनांदगांव की सभी महिलाओं एवं युवतियों को सादर आमंत्रित किया गया है।

“आओ सखी, मिलकर तीज मनाएं – हरियाली में सजाएं अपने जीवन को सांस्कृतिक रंगों से।”