
राजनांदगांव। 24 फरवरी को छत्तीसगढ़ राज्य के बहुप्रतीक्षित बजट का छत्तीसगढ़ हेडमास्टर फेडरेशन ने स्वागत करते हुवे प्रदेश के समस्त शासकीय कर्मचारियों के लिए हितैषी बताया है।प्रदेश के यशस्वी वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी द्वारा भाजपा सरकार के तीसरे बजट को लेकर कर्मचारियों में हर्ष और खुशी का माहौल है।कर्मचारियों की बहुप्रतीक्षित मांग कैशलेस चिकित्सा की मांग इस बजट में पूर्ण होने पर हेडमास्टर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश सिंह बिसेन ने माननीय मुख्य मंत्री,वित्त मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री जी का हृदय से आभार ज्ञापित किया है।प्रदेश अध्यक्ष का कहना है की वर्तमान समय में कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश में कार्यरत लगभग 4 लाख अधिकारियों,कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों के लिए संजीवनी की तरह है।

वर्तमान समय में अत्यंत महंगी इलाज सुविधा होने के कारण प्रदेश के कर्मचारी निजी अस्पतालों में इलाज से वंचित रहते थे।हालांकि राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों को मान्यता प्राप्त अस्पतालों में इलाज कराने पर चिकित्सा प्रतिपूर्ति का भुगतान करने की व्यवस्था है।परंतु चिकित्सा प्रतिपूर्ति भुगतान की प्रक्रिया इतनी जटिल और दुष्कर है कि निचले स्तर के कर्मचारी इसका लाभ नहीं मिल पाता था।विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण चिकित्सा प्रतिपूर्ति भुगतान की आधी से अधिक राशि तो चढ़ावे की भेट चढ़ जाता था तब कही जाकर कर्मचारी को लाभ मिलता था।इस जटिल प्रक्रिया का विरोध करते हुवे प्रदेश के कर्मचारी संगठन लंबे समय से अन्य राज्यो की भांति कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग कर रहे थे।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के ग्यारह सूत्रीय मांग में प्रमुख मांग कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग को लेकर प्रदेश के कर्मचारी तीन दिनों की हड़ताल भी किए।इसी हड़ताल और सरकार की संवेदनशीलता का परिणाम आज प्रदेश के कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के उपहार के रूप में मिली है।प्रदेश अध्यक्ष कमलेश सिंह बिसेन ने कहा की सरकार से कर्मचारियों को अनेक उम्मीद थी विशेषकर शिक्षक संवर्ग को।जिसमे प्रथम नियुक्ति से सेवा गणना,वेतन विसंगति दूर करना,चार स्तरीय समयमान वेतन,पुरानी पेंशन में सुधार क्रमोन्नति प्रदान करना आदि।ये मांगे अभी अधूरी जरूर है परंतु आने वाले समय में इस पर भी सकारात्मक परिणाम आएगा इसकी पूरी उम्मीद है।
क्योंकि छत्तीसगढ़ की जन कल्याणकारी सरकार ने सभी कर्मचारियों के हित में कैशलस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई है तो निश्चित ही बाकी मांगो पर भी विचार होगा।प्रदेश के कर्मचारी अब बेफिक्र होकर अपना इलाज प्रदेश के अंदर और बाहर स्थित बड़े निजी अस्पतालों में कराएंगे क्योंकि अब हमे खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। न ही इलाज के बाद इस कार्यालय, उस कार्यालय के चक्कर काटने पड़ेंगे।हेडमास्टर फेडरेशन इस बड़ी घोषणा के लिए छत्तीसगढ़ सरकार,माननीय मुख्यमंत्री एवम वित्त मंत्री जी का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करता है।तथा इस बड़ी मांग को पूरा करने में सहयोग के लिए कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रदेश संयोजक श्री कमल वर्मा जी को भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित करता है।










































