राजनांदगांव: होली को सौहार्दपूर्ण बनाने थाना बसंतपुर में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम…

राजनांदगांव। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं परंपरा के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से 26 फरवरी 2026 को थाना बसंतपुर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन तथा थाना प्रभारी एमन साहू की उपस्थिति में संपन्न हुई।


बैठक में पार्षदगण, सर्वसमाज के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी समाज प्रमुखों ने एकमत से होली, धुरेड़ी एवं रमजान पर्व को जिले की पुरानी शांति और सद्भावना की परंपरा के अनुरूप मनाने का आश्वासन दिया।


बैठक में निर्णय लिया गया कि होली के दौरान धार्मिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर स्टेटिक प्वाइंट स्थापित कर लगातार गश्त की जाएगी। आवश्यक स्थानों पर एमसीपी लगाकर वाहनों की जांच की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और सायलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर वाहन जप्त किए जाएंगे।


साउंड सिस्टम के उपयोग को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार निर्धारित ध्वनि सीमा तक सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। फाग प्रतियोगिता या अन्य कार्यक्रमों में साउंड सिस्टम के लिए एसडीएम की अनुमति अनिवार्य होगी। जबरन चंदा वसूली, इच्छा के विरुद्ध रंग लगाने तथा प्रतिबंधित रंगों के उपयोग पर रोक लगाने की अपील की गई।


होलिका दहन को लेकर भी विशेष सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य मार्ग, विद्युत लाइन, ट्रांसफार्मर या सार्वजनिक स्थलों पर होलिका दहन नहीं किया जाएगा तथा इसे सुरक्षित स्थान पर रात्रि 12 बजे तक पूर्ण करने को कहा गया है। हरे एवं फलदार वृक्षों की लकड़ी के स्थान पर गोबर के कंडों के उपयोग की अपील की गई।


मोहारा नदी, ऑक्सीजोन, रानीसागर और अन्य तालाबों में सुरक्षा के लिए गोताखोरों की व्यवस्था करने पर सहमति बनी। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार को रोकने के लिए समाज के जिम्मेदार लोगों से सहयोग की अपील की गई। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर विशेष नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए।


आपात स्थिति में सहायता के लिए डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम 07744-286622, 9479192199 तथा थाना बसंतपुर के नंबर जारी किए गए हैं।