राजनांदगांव :होली में माहौल बिगाड़ने की कोशिश, बसंतपुर पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार…

राजनांदगांव। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बसंतपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान मोहल्लों में हो-हुल्लड़ कर माहौल खराब करने की आशंका वाले 3 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।


पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना बसंतपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जो होली के दौरान हुड़दंग या अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते थे।


पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिलीप लहरे (28) निवासी कौरिनभाठा, बादल उर्फ रमेश सिन्हा (35) निवासी चौखडियापारा और नेतराम उर्फ खतम यादव (28) निवासी कौरिनभाठा के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया और उन्हें माननीय एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि त्योहार के समय किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो सके।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एमन साहू, उपनिरीक्षक नरेश सार्वा, सहायक उपनिरीक्षक मनमोहन साहू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, महिला प्रधान आरक्षक सीमा जैन, आरक्षक प्रवीण मेश्राम, कुश बघेल, राजेश बंदेश्वर और रूपेन्द्र वर्मा सहित अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।