
आगामी होली पर्व एवं बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए थाना बसंतपुर में डीजे संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में एसडीएम गौतम पाटिल, थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू सहित क्षेत्र के डीजे संचालक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान होली, परीक्षा काल एवं अन्य आयोजनों में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर विस्तारपूर्वक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्यक्रम में साउंड सिस्टम के उपयोग के लिए प्रशासन को पूर्व सूचना देना तथा निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुरूप विधिवत अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीजे संचालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र जप्त किए जाएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा काल एवं त्योहारों के दौरान आम नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में उपस्थित डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।









































