
राजनांदगांव, 22 अगस्त। थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने 11 माह से फरार चल रहे एनडीपीएस आरोपी राहुल देवांगन (23 वर्ष, निवासी वार्ड-47 मोहारा, राजनांदगांव) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही आबकारी एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं।
📌 मामले की पृष्ठभूमि
दिनांक 17 सितंबर 2024 को थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत आरोपी चन्द्रभान गौतम उर्फ़ चिन्टु (25 वर्ष, निवासी रजानगर) को पुलिस ने रजानगर मजार के पास से 150 नग नशीली टेबलेट ALPRAZOLAM (SOZOX-0.50), बिक्री रकम 1000 रुपए और एक मोबाइल के साथ पकड़ा था। आरोपी के खिलाफ धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
📌 जांच में सामने आया खुलासा
विवेचना के दौरान चन्द्रभान गौतम ने बताया था कि उसे ये नशीली टेबलेट राहुल देवांगन ने उपलब्ध कराई थी। तब से राहुल देवांगन फरार चल रहा था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।

हाल ही में उसके मोहारा स्थित घर लौटने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अगस्त/सितंबर 2024 में वह दोस्तों के साथ बिहार यात्रा के दौरान ट्रेन में एक अज्ञात युवक से 30 स्ट्रिप नशीली टेबलेट खरीदी थी। इनमें से 15 स्ट्रिप चन्द्रभान गौतम को बेचीं और शेष 15 स्ट्रिप स्वयं इधर-उधर बेच दी।
📌 पूर्व प्रकरण भी दर्ज
गिरफ्तार आरोपी राहुल देवांगन के विरुद्ध पहले से ही निम्न प्रकरण दर्ज पाए गए हैं –
थाना बसंतपुर : अपराध क्रमांक 590/2022, धारा 34(1) आबकारी एक्ट
थाना डोंगरगांव : अपराध क्रमांक 339/2025, धारा 36(सी) आबकारी एक्ट
📌 न्यायालय में पेशी
आरोपी को आज दिनांक 22.08.2025 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।









































