भिलाई: रात के अंधेरे में खड़ी हाईवा से भिड़ी मोटरसाइकिल दो की मौत से परिवार उजड़ा…

भिलाई। दुर्ग-धमधा मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। यह दुर्घटना बीती रात करीब 10:45 बजे ग्राम पथरिया चौक से सहगांव मोड़ के आगे हुई । दोनों मृतक पूना (महाराष्ट्र) से मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। मोटरसाइकिल सामने खड़ी हाईवा से टकरा गई।

नंदिनी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नंदिनी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजू साहू (40 वर्ष), जो अपने परिवार के साथ पुणे (महाराष्ट्र) में रोजी- मजदूरी का कार्य करता है, नौ जनवरी की शाम पत्नी मालतीसाहू और दोनों बच्चों राजेन्द्र साहू व जागेश्वर साहू के साथ अपने पैतृक गांव जामगांव (थाना बेरला, जिला बेमेतरा) आ रहा था। यात्रा के दौरान राजेन्द्र साहू मोटरसाइकिल हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर क्रमांक एम एच 50 वाय 6197 चला रहा था, जबकि उसकी मां मालती साहू साथ बैठी थीं।

रात के समय सड़क पर बिना किसी सूचक चिन्ह के खड़ी हाईवा वाहन क्रमांक सी जी 25 एम 7574 से मोटरसाइकिल टकरा गई। अंधेरा होने के कारण बाइक सवार खड़े वाहन को देख नहीं पाए, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना में मालती साहू और उनके पुत्र राजेन्द्र साहू को गंभीर चोटें आई। दोनों को डायल 112 के माध्यम से शासकीय अस्पताल अहिवारा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं राजू साहू और उनका छोटा पुत्र जागेश्वर साहू एक अन्य दुपहिया वाहन में सवार थे सुरक्षित बताए गए हैं। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर हाईवा चालक केखिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (1) एवं 285 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।