राजनांदगांव : हाफ बिजली बिल योजना खत्म कर भाजपा ने किया गरीबों से धोखा – संदीप सोनी…

➡️ कहा – सोलर उपकरण लगाए बिना हाफ बिजली बिल योजना बंद करना भाजपा की नीयत पर सवाल

Advertisements

राजनांदगांव। भाजपा सरकार द्वारा हाफ बिजली बिल योजना को अचानक बंद करने पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता संदीप सोनी ने कहा कि यह निर्णय गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ सरासर अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का असली उद्देश्य गरीबों को राहत देना नहीं बल्कि उनका हक़ छीनना है।


श्री सोनी ने आगे कहा कि यदि भाजपा की नीयत साफ़ होती तो सरकार पहले प्रदेश के 90% घरों में मुफ्त सौर ऊर्जा उपकरण लगवाकर आत्मनिर्भर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करती उसके बाद ही हाफ बिजली बिल योजना को बंद करती। लेकिन वास्तविकता यह है कि अभी शहरों में मात्र 5% घरों में ही सौर उपकरण लगाए गए हैं और गरीबों को आधे बिजली बिल की राहत से वंचित कर दिया गया है। यह फैसला उन परिवारों के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायक है जो छोटे छतों टीन की छानी वाले घरों में रहते हैं।

कई घरों के आसपास ऊँची-ऊँची इमारतें बनी हुई हैं जहाँ छत पर दिनभर में मुश्किल से 1 से 2 घंटे ही धूप आती है। ऐसे हालात में वहाँ सौर उपकरण लगाना न केवल कठिन है बल्कि निष्प्रभावी भी साबित होगा। इसी प्रकार किराए के मकानों में रहने वाले लाखों परिवार पूरी तरह इस योजना से बाहर हो गए हैं। उन्हें न तो सौर उपकरण का लाभ मिलेगा और न ही आधे बिजली बिल की राहत। उन्होंने ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह फैसला साबित करता है कि भाजपा गरीबों की नहीं बल्कि केवल पूंजीपतियों की सरकार है।

गरीबों को राहत देने वाली योजनाएँ एक-एक कर बंद की जा रही हैं और बिना तैयारी के उन्हें मुश्किलों में झोंक दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए था कि पहले 90% से अधिक घरों में सौर उपकरण लगाकर व्यवस्था को मजबूत करे, तभी हाफ बिजली बिल योजना को समेटने पर विचार करती। बिना तैयारी के इस योजना को खत्म करना केवल गरीबों का शोषण है। कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो कांग्रेस इसे लेकर सड़कों पर आंदोलन करेगी और जनता की आवाज़ बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक की लड़ाई कांग्रेस पूरी ताक़त से लड़ेगी।