
राजनांदगांव। थाना कोतवाली पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंद किशोर गौतम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश कर एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का लालच देकर अलग-अलग तिथियों में कुल 15,00,000 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित बैंक खातों का विवरण जुटाकर आरोपी की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान पता चला कि आरोपी वारदात के बाद बैंगलोर, रायपुर, बिलासपुर एवं जांजगीर में लगातार ठिकाने बदलकर फरार था। इसी बीच आरोपी के मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा में मौजूद होने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।









































