राजनांदगांव: गौ-तस्करों को पायलेटिंग करने वाले दो संदिग्ध गिरफ्तार, बोलेरो जब्त…

राजनांदगांव। जिले में गौ-तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागनदी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ-तस्करों को संरक्षण देने वाले दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये कीमत की बोलेरो वाहन भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों और संगठित तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बागनदी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 10 एवी 9500 के जरिए गौ-तस्करी में संलिप्त बड़े वाहनों को पायलेटिंग कर पुलिस चेकिंग की जानकारी पहले से उपलब्ध कराई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में बागनदी बॉर्डर क्षेत्र में सघन नाकाबंदी और वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान महाराष्ट्र की ओर से राजनांदगांव प्रवेश कर रही संदिग्ध बोलेरो को रोककर पूछताछ की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि वाहन में सवार दोनों युवक लंबे समय से गौ-तस्करों को पुलिस गतिविधियों की सूचना देकर चेकिंग से बचाने का काम कर रहे थे।

पुलिस द्वारा वाहन के दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट एवं धारा 106 बीएनएसएस के तहत बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में दीपेन्द्र बंजारे (21 वर्ष) निवासी शांतिपारा एकता नगर, भिलाई तथा शैलेन्द्र भारती (27 वर्ष) निवासी पथर्रा वार्ड नंबर-05, भिलाई-3 जिला दुर्ग शामिल हैं। दोनों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

पुलिस जांच में आरोपी शैलेन्द्र भारती के खिलाफ गौ-तस्करी से जुड़े दो पुराने मामले भी सामने आए हैं। वहीं पूर्व में जिले में दर्ज अन्य मामलों में भी दोनों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम, सहायक उप निरीक्षक भागवत ध्रुवे, आरक्षक धर्मेन्द्र साहू, भूपेन्द्र तुमरेकी एवं विद्याधर मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।